गुरुवार, 12 जुलाई 2012

रुस्तम-ए -हिन्द को आखिरी सलाम

आपको ७० के दशक के कई ऐसे फ़िल्मी दृश्य याद होंगे ,जिसमे हीरोइन को कुछ गुंडों ने घेर लिया हो या फिल्म का नायक किसी संकट में हो .तभी स्क्रीन पर ६ फुट २ इंच का एक पहलवानी शख्स प्रकट होता है जो देखते ही देखते सारे गुंडों को अपने देशी अंदाज से धूल चटा देता है .उधर परदे पर एक्शन सीन  चल रहा होता है और इधर आपकी नशें फड़क रही होती है .

या फिर भारतीय टेलीविजन इतिहास के पहले मेगा सीरिअल "रामायण" के हनुमान को कोई कैसे भुला सकता है .जिसने हर घर और हर मन में अपनी पैठ बना ली थी .

हमारे  मष्तिस्क में हनुमान की एक स्थायी छवि अंकित करने वाले कलाकार दीदार सिंह रंधावा उर्फ़ दारा सिंह अब हमारे बीच नहीं रहे ......

अपने ६०  साल के एक्टिंग करियर में दारा सिंह ने फिल्म और टेलीविजन के कई यादगार किरदार निभाए .सन १९६२ में कुश्ती पर बनी फिल्म "संगदिल"से एक लोकप्रिय अभिनेता के जिस सफ़र की शुरुआत हुई वो २००७ में बनी "जब वी मेट " तक जारी रहा. दारा सिंह हिंदी सिनेमा के सम्भव्तः पहले ऐसे सहकलाकार थे जिनके हर सीन पर हीरो से अधिक तालियाँ और सीटियाँ बजती थी .उनकी संतुलित अदाकारी और संवाद अदायगी हिंदी सिनेमा के दर्शक कभी नहीं भूल पाएंगे .अभिनेता प्रदीप की तरह दारा सिंह भी  धार्मिक फिल्मों के एक अनिवार्य कलाकार बन गए  थे .

१९३८ में पंजाब के अमृतसर में जन्मे दारा सिंह ने अपने करियर की शुरुवात एक पहलवान के रूप में  की ,जिसमे उन्हें अंतर्राष्ट्रीय स्तर की ख्याति मिली .उन्होंने मलेशिया और भारत की तरफ से "विश्व रेस्ट्लर चैम्पियनशिप" का खिताब भी जीता .स्वदेश वापसी के बाद वो हिंदी और पंजाबी सिनेमा में सक्रिय हो गए .एक अभिनेता और निर्माता के रूप में उन्होंने पिछले ६० सालो तक सिनेमा को अपने महत्वपूर्ण योगदान से नवाजा .

अपने निजी जीवन में भी दारा सिंह ने कई विविघतापूर्ण भूमिकाओं  का सफलता पूर्वक निर्वहन किया .एक पहलवान से लेकर एक  अभिनेता ,निर्माता और एक राजनेता के रूप में उन्होंने अपनी लोकप्रियता में चार चाँद लगाये .उन्होंने एक भरपूर और कामयाब जिंदगी जी .वो उम्र के आखिरी पड़ाव तक सक्रिय रहे ,उन्होंने अपने प्रशंसकों को कभी ये लगने ही नहीं दिया कि हर शख्स कि जिंदगी में एक ऐसा वक्त भी आता है जब उसे सबको अलविदा कहना पड़ता है .

दारा सिंह  की कमी हर उस क्षेत्र में अखरेगी जहाँ उन्होंने सफलता और कामयाबी के झंडे गाड़े ,पर फिल्मों में निभाए गए उनके अमर किरदार कभी भी हमारे दिल में उनके प्यार और सम्मान को कम नहीं  होने देंगे.

मंगलवार, 10 जुलाई 2012

निकाय चुनाव नतीजों का अर्थात

उत्तर प्रदेश के निकाय चुनाव के परिणाम जरा भी चौंकाने वाले नहीं है .ऐसा एक सामान्य अनुमान तो था ही कि  अपनी आर्थिक नीतियों के चलते कांग्रेस को इन चुनावों  में भी मुँह  की खानी पड़ेगी .विधानसभा चुनाव के बाद कांग्रेस को यू पी  में ये दूसरा झटका है .ये परिणाम आगामी लोकसभा चुनावों में जनता के रुझान का एक खाका तो खींचते ही है .ये परिणाम यू पी में लोकसभा चुनाव की दशा और दिशा दोनों तय  करेंगे .

इन चुनावों में कांग्रेस अपना खाता  तक  नही  खोल पाई .केंद्र में सत्तारूढ़ पार्टी के लिए इससे शर्मनाक बात कोई दूसरी नहीं हो सकती .यू पी ए का दूसरा कार्यकाल घोर निराशाजनक और विडम्बनापूर्ण दौर से गुजर रहा है .आर्थिक मोर्चे पर ये सरकार बुरी तरह से फ्लाप हो चुकी है ,जबकि अर्थशास्त्र की गहन समझ रखने वाले शीर्ष राजनेता इसी दल में है .

विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के ट्रम्पकार्ड राहुल गाँधी पहले ही अपना अर्थ  खो चुके है ..लगता है कांग्रेस अभी इस सदमे से  उबर नहीं पाई है .वह अपने  संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने के बजाय अभी उसी  हार का शोक मना रही है .विधानसभा चुनावों में हार का ठीकरा पार्टी के संगठनात्मक ढांचे पर टूटा था. कांग्रेस के परंपरागत चाटुकार नेताओं ने राहुल गांधी का भरपूर बचाव किया था .हैरानी की बात है की इस स्वीकारोक्ति के बाद भी कांग्रेस जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत बनाने की दिशा में कुछ नहीं कर सकी .

इन परिणामों ने भाजपा को थोड़ी रहत जरूर दी है महापौर के १२ में से १० सीटें उसके खाते में आई है .पर छोटे शहरों में भाजपा का प्रदर्शन भी कुछ ख़ास नहीं रहा .

ये परिणाम थोड़े और दिलचस्प हो सकते थे अगर सपा और बसपा भी खुल कर मैदान में आते .दोनों पार्टियों के पीछे हटने का कारण भी हालिया विधान सभा चुनाव ही है .जहाँ अपनी करारी हार से सहमी बसपा कोई और सदमा झेलने की स्थिति में नहीं थी ,वही सपा भी अपनी जीत की खुशफहमी  को गलत साबित नहीं होने देना चाहती थी .

दरअसल यहाँ असली इम्तेहान तो भाजपा और कांग्रेस का ही  था ,जिसमे कांग्रेस फेल हो गयी है और भाजपा को पासिंग मार्क मिले है .

गुरुवार, 5 जुलाई 2012

पहले हाँ फिर ना

अखिलेश सरकार ने जैसे तैसे अपने १०० दिन पूरे कर  लिए है  .कुल मिला कर सरकार का प्रदर्शन औसत ही कहा जायेगा .चुनाव से पहले उनकी  पार्टी ने जनता को विकास और बदलाव के एक से बढ़ कर एक सुहाने सपने दिखाए थे .जनता ने उन्हें पूर्ण बहुमत देकर एक सुरक्षित राजनीतिक पारी शुरू करने का अवसर  भी दिया .पर सरकार अभी तक जनता के अरमानो के अनुरूप प्रदर्शन नहीं ही कर पाई है .अखिलेश इस वक्त संभवतः देश के सबसे युवा मुख्यमंत्री है .उनके सत्ता सम्हालते ही ये उम्मीद मजबूत  हो गयी थी कि  शायद अब उत्तर प्रदेश विकास की पटरी पर आ सके .अखिलेश की  युवा सोच ,उर्जा और नयी  दृष्टि से शायद प्रदेश की तस्वीर में कुछ चटख  रंग भर  जाये  .पर अखिलेश सरकार ऐसा  कुछ करती दिखाई  नहीं दे  रही है .अभी तक उन्होंने  ऐसा कोई भी संकेत  नहीं दिया है जो ये साबित कर सके कि वो जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप शासन  चला  रहे  हो.

अभी हाल की कुछ घटनाओ ने अखिलेश सरकार की एक नकारात्मक  छवि  प्रस्तुत  की है .अखिलेश सरकार में इच्छा शक्ति का अभाव साफ़ नजर आने लगा है .निर्णय  लेने में अतिउत्साह, अदूरदर्शिता,इनकी पहचान बनती जा रही है .सरकार ने बिना सोचे समझे ऐसे दो फैसले जनता पर थोपने की कोशिश की जिन्हें विरोधों की वजह से २४ घंटे के भीतर ही वापस लेना. पड़ा सरकार ने बिजली  कटौती को लेकर जो फरमान जारी किया था उसकी अगले २४ घाटों में ही हवा निकल गयी .येही हश्र उस  फैसले का भी हुआ जिसमे विधायको को २० लाख तक की कर खरीदने का वरदान दिया गया था, रातो रात अखिलेश को ये फैसला भी वापस लेना पड़ा. इन दो घटनाओ ने अखिलेश को एक हास्यास्पद  स्थिति में पंहुचा दिया है .

अखिलेश  सरकार की जो एक सबसे बड़ी कमी उभर  कर सामने  आई  है वो है परस्पर  संवाद का अभाव  .अखिलेश सरकार में कई ऐसे अनुभवी और दिग्गज नेता है जो काफी वर्षों से उनकी पार्टी और प्रदेश की राजनीति  में सक्रिय है .उनके पिता खुद  राजनीति  के एक मंजे हुए खिलाड़ी है .अखिलेश को इन सभी  के अनुभवों  का लाभ उठाना चाहिए पर इन दो घटनाओं के अंजाम ने इतना तो खुलासा कर ही दिया की अखिलेश कोई फरमान जारी करने से पूर्व अपने मंत्रिमंडल से शायद ही विचारविमर्श करते हो.वो संभवतः वाह वाही लूटने  के चक्कर  में खुद ही ये दूर की कोड़ियाँ खोज कर लाते है और फिर जनता के सामने उनका मुजाहिरा कर देते है .इसमें हैरत नहीं की अखिलेश के इन दोनों बोल्ड फैसलों के प्रति विरोध के स्वर उनके विधायको में भी सुनायी  दिए .यदि सत्ता सञ्चालन के लिए अखिलेश एक लोकतान्त्रिक पद्धति का अनुसरण करके ,पहले से फुलप्रूफ फैसले लेते तो शायद ये नौबत न आती .

ये सच है की किसी सरकार की विशेष पहचान दो वजहों से बनती है ,एक तो उसके द्वारा लिए गए बोल्ड (या कहे ताजा)फैसले और दूसरा उसके द्वारा किये गए विकास कार्य .अखिलेश सरकार पर जन आकांक्षाओं  का भा री दबाव है. वो जल्द ही अपनी सरकार को एक  लोकप्रिय सरकार में बदलते हुए देखना चाहते है .पर ये सबकुछ बिना किसी हड़बड़ी या उतावलेपन के होना चाहिए .सरकार का हर फैसला पूरी गंभीरता और तैयारी  के साथ होना चाहिए .

  अखिलेश सरकार को अभी काफी लम्बा सफ़र  तय  करना है .तो ये आवश्यक है की वो फूंक फूंक कर कदम रखे ताकि जनता एक युवा मुख्यमंत्री के रूप में लम्बे समय तक उन्हें  याद रख सके.







बादलों की आँख मिचौली

आषाढ़ बीत गया ,सावन में भी दो तीन दिन निकल गए ,पर धरती अभी प्यासी की प्यासी ही है .तालाब पोखर सूख गए है .नदियों का हाल भी बुरा है .पुश पक्षी, जड़ चेतन सब कुम्हला गए है .सब आसमान की तरफ मानो टकटकी बांध कर देख रहे हो.  प्रार्थना कर रहे हो और ये कह  रहे हो की अब तो इंतिजार की इन्तिहाँ हो गयी है .

पानी की चाह सबसे आदिम चाह है .मनुष्य के इतिहास का कोई भी दिन पानी के बगैर नहीं बीता होगा .हर सुख हर दुःख का साक्षी रहा है पानी .इस तरह  पानी हमारा सबसे प्राचीन दोस्त है .........वही सृष्टि का प्राण है .जीवन तत्व है .जीने की आस है .

आंकड़े इस वक्त चाहे जो कह रहे हो पर हालात अब नाजुक मोड़ पर  पहुँच गए है .बारिश की आस अब हमें रुलाने की स्थिति में ले जा रही है .समूचा उत्तरभारत एक अघोषित  सूखे की चपेट में है .धान की अभी तक बुवाई तक नहीं हो सकी है .खरीफ की अन्य फसले भी बर्बादी की कगार पर है .देश का लगभग ४५% भूभाग ऐसा है जहाँ अभी पानी की एक बूँद भी नहीं गिरी .जमीन में दरारें पड़ने को है .किसानो की आँखों में अभी भी  अनिश्चतता के बादल मडरा रहे है .

भारत में ६०-६५% आबादी अभी भी कृषि पर निर्भर करती है .ये दीगर बात है के कुछ चेत्रो में ये निर्भरता कम हुयी है ,पर बहुसंख्यक किसान अभी भी मानसून की बाट  जोहते है .खेती की पैदावार काफी कुछ मानसून के समय से आने पर निर्भर करती  है .देरी से या कम मात्रा  में होने वाली बारिश खेती के लिए तमाम संकट खड़े कर देती है .जाहिर है की ऐसे में पैदावार घटती है जिसका सीधा असर अर्थवयवस्था  पर पड़ता है .सकल घरेलू उत्पाद पर पड़ता है.

अभी कृषि मंत्री ने एक बयां जारी किया है की देश में सूखे की स्थिति भले ही हो पर इससे निपटने के लिए हमारे पास अनाज के पर्याप्त भण्डार है .ये एक तरह से जले पर नमक छिड़कने जैसा है .सरकारी भण्डार गृहों में अनाज की जो दुर्दशा है ,वो किसी से छुपा नहीं है .भंडार गृहों में जितना अनाज रख रखाव की अव्यवस्था के कारण बर्बाद हो जाता है ,अगर वही सार्वजानिक वितरण प्रणाली के तहत आम लोगो तक आसानी से पहुँच जाये तो शायद आम आदमी में भोजन को ले कर इतनी असुरक्षा का भाव न रहे .

बहर हाल आम आदमी इस वक्त दोहरी मार झेल रहा है -एक तो बेतहाशा बढ़ रही महंगाई और दूसरे मानसून की बेरुखी . .......उधर हमारी सरकार के करता धर्ता राष्ट्रपति चुनाव  में व्यस्त है या फिर नक्सलिओं  के नाम पर मासूम आदिवासियों की हत्या करवाने में .









अब ब्रह्माण्ड के राज से उठेगा पर्दा

दुनिया भर के भौतिक वैज्ञानिको ने एक बहुत बड़ी उपलब्धि हासिल की है .गाड  पार्टिकल की खोज एक ऐतिहासिक घटना है ,ठीक उसी तरह जैसे चेचक के टीके ,बल्ब और इन्टरनेट के खोज की घटना थी .पर शायद यह खोज इन सबसे बढ़ कर साबित हो क्योंकि गाड  पार्टिकल की अवधारणा सीधे सृष्टि की उत्पत्ति के सवाल से जुडती है .यह खोज विज्ञान  और अध्यात्म की दूरियों को कुछ कम कर देने वाला भी साबित होगा ,ऐसा लगता है .बहरहाल अभी तो ये शुरुवाती सफलता है .ब्रह्माण्ड की उत्पत्ति के सवाल को सुलझाने में थोडा वक्त तो लगेगा ही .पर यह सफलता उस प्रयास की सही दिशा की तरफ इशारा जरूर करती है ,जिस दिशा में जाने से ये गुत्थी  सुलझ सकेगी .

गाडपार्टिकल या हिग्स  बोसोन की अवधारणा ब्रिटिश भौतिक शास्त्री पीटर हिग्स की है जो बोस -आइन्स्टीन के स्टेतिस्तिकल फिजिक्स पर आधारित है .भारतीय वैज्ञानिक बोस और ब्रिटिश वैज्ञानिक पीटर हिग्स के नामों के आधार पर ही इस पार्टिकल का नाम हिग्स बोसोन रखा गया था . यह कण सिंगल टॉप क्वार्क के सामान एक आदि मूल कण है जो पदार्थ के आकार प्रकार के लिए जिम्मेदार होता है .साथ ही पदार्थ में भार होने का कारण भी हिग्स बोसोन को ही माना जाता है  लगभग ५ दशको से भौतिकी के क्षेत्र में रहस्य रहे इस कण की गुत्थी पिछले दिनों सुलझ चुकी है .वैज्ञानिको ने हिग्स बोसोन जैसे कणों  के होने की पुष्टि कर दी है .इस सफलता के बाद ब्रह्माण्ड की उत्पत्ति का रहस्य भी जल्दी ही सामने आ सकेगा .यह कण ब्रह्माण्ड की उत्पत्ति से सम्बंधित बिग बैंग थ्योरी की सार्थकता को भी प्रमाडित  करता है .

उम्मीद की जा रही है की यह खोज भारतीय तत्व चिंतन के लिए वैज्ञानिक साक्ष्य का काम करेगा .हमारी चिंतन प्रणाली कण कण में ईश्वरके होने की बात करती है .गाड पार्टिकल की खोज इस तथ्य के लिए एक साक्ष्य का कार्य करेगी

वैसे यह अवसर भारतीय वैज्ञानिकों  के लिए दोहरी खुशी  का है .जहाँ इस प्रयोग का आधार तैयार करने में भारतीय वैज्ञानिक सत्येन्द्रनाथ बोस की  महत्वपूर्ण भूमिका  थी  ,वही इस प्रयोग को जारी रखने में २०० से अधिक भारतीय वैज्ञनिक अपना योगदान दे रहे है .इस प्रयोग के दौरान उपयोग में लायी गयी लाखों चिपों का निर्माण भी एक भारिय फर्म  द्वारा चंडीगढ़ में किया गया .भारतीय मेधा ने एक बार फिर सराहनीय प्रदर्शन किया है .

हम इस मिशन में लगे सभी वैज्ञानिको के अथक परिश्रम को नमन करते है और भविष्य में इस प्रयोग की सफलता की कामना करते है

रविवार, 1 जुलाई 2012

चिकित्सकों के बंधे हाथ

अभी हाईकोर्ट का एक फैसला आया है जिसमे ये कहा गया है की आयुर्वेदिक और होमियोपैथिक  डॉक्टर एलोपैथ की दवाएं अपने मरीजो को नहीं लिख सकेंगे .ये निर्णय तकनिकी रूप से बिलकुल सही है ,पर इसके कुछ दूरगामी दुष्परिणाम भी हो सकते है .भारत जैसे देश में जहाँ शिक्षा  और स्वास्थ्य सेवाएँ बदहाली की स्थिति में है ,वहाँ  ऐसे आदेश जनहित में तो नहीं ही कहे जा सकते .

भारत में ऐसे इलाकों की कमी नहीं  है ,जो बुनियादी नागरिक सुविधाओं से अभी भी वंचित है .बीमारू राज्यों की स्थिति तो और भी ख़राब है .पिछली   कुछ पंचवर्षीय योजनाओं में सरकार  के सतत प्रयास के चलते शिक्षा के हालात जरूर सुधारें है पर स्वास्थ्य सुविधाओ की उपलब्धता बहुत कम है .कई इलाकों में तो मामूली बुखार होने पर  एक पैरासिटामाल की टैबलेट मिलने की सम्भावना नहीं होती है .किसी गंभीर बीमारी की स्थिति में मीलों पैदल जाने पर सरकारी अस्पताल के दर्शन होते है .इसके बाद भी ये जरूरी नहीं की वहां डाक्टर भी मौजूद हो ,और जरूरी चिकत्सकीय सुविधाएँ भी .

ऐसे हालत में उस व्यक्ति की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है जो एक पिछड़े इलाके के मरीज को प्राथमिक  चिकित्सकीय सुविधा मुहैया कराता है भले  ही वो कम पढ़ लिखा या अप्रशिक्षित ही क्यों न हो .अभी कुछ दिनों पहले ये खबर आई थी की भारत के पिछड़े ग्रामीण क्षेत्रो में ,जहाँ पर्याप्त सुविधाएँ नहीं है ,ऐसे झोलाछाप या अप्रशिक्षित लोगो को कुछ प्रशिक्षण दे कर मेडिकल प्रेक्टिस का लाइसेंस दे दिया जाये .अगर ऐसा हो पाये  तो हालत जरूर थोड़े बेहतर हो सकेंगे  .

हमारे देश में एलोपैथ डाक्टरों की संख्या और एलोपैथ दवाओं की उपलब्धता में भारी अंतर है .डाक्टर जहाँ बेहद कम है वही दवाएँ  बहुत अधिक मात्रा  में.होम्योपैथ और आयुर्वेदिक दवाओं  की उपलब्धता तो बड़े बड़े महानगरों तक में बेहद  सीमित है .ऐसे में अन्य डाक्टरों की यह मजबूरी बन जाती है की वो अपने मरीजों को एलोपैथ की दवाए ही लेने की सलाह दे .हमारे आसपास ऐसे कई डाक्टर है जिनकी पढाई होम्योपैथिक या आयुर्वेदिक  पद्धति की है पर उनकी  दवाएँ  एलोपैथिक होती  है . इस स्थिति को ध्यान में रखते हुए जादा अच्छा तो ये होता की इन डाक्टरों के अनुभव और ज्ञान के आधार पर  इन्हें एक विशेष प्रकार का लाइसेंस जारी किया जाये ,जिससे दूर दराज के  ग्रामीण इलाकों की जनता को जीवनरक्षक सेवाएँ मिलती  रहे .

जिस तरह सर्वशिक्षा अभियान में  अप्रशिक्षित अध्यापको की नियुक्ति करके साक्षरता के आंकड़े में काफी हद तक सुधार किया जा सका ,उसी तरह देश में स्वास्थ्य सेवाओं  को बेहतर बनाने के लिए ये आवश्यक है की इस सेवा से जुड़े अप्रशिक्षित  लोगो को जरूरी प्रशिक्षण दे कर उन्हें एक नियमबद्ध लाइसेंस जारी कर दिया जाए .इस तरह वो सरकारी नियम क़ानून के दायरे में भी रहेंगे और नागरिकों के लिए हर जगह प्राथमिक चिकित्सा की सुविधाएँ   भी उपलब्ध रहेंगी .




गुरुवार, 28 जून 2012

पाकिस्तान का यू -टर्न

पाकिस्तान ने एक बार फिर इतिहास को दुहरा दिया .वैसे ये पाकिस्तान के चरित्र के अनुरूप ही  है पर सरबजीत के परिवार के लिए तो ये घटना एक भद्दा मजाक बन कर रह गयी है .साथ ही अंतर्राष्ट्रीय जगत में पकिस्तान की जो किरकिरी हो रही है वो अलग . सरबजीत का परिवार वर्षो से यह लड़ाई लड़ रहा है ,कई मानवाधिकार कार्यकर्ता भी उनके साथ है ,पर इस घटनाक्रम के बाद तो सबकी आस धुंधली  नजर आने लगी है .

सरबजीत को सन 1990 में पाकिस्तान में हुए चार बम धमाकों के अभियुक्त के रूप में मंजीत सिंह के नाम से गिरफ्तार किया गया था .1991 में पकिस्तान की निचली अदालत ने सरबजीत उर्फ़ मंजीत सिंह को मौत की सजा सुनाई .जिसे हाईकोर्ट और फिर सुप्रीमकोर्ट ने बहाल  रखा .सरबजीत के मुताबिक वो एक निर्दोष किसान है जो गलती से पाक सीमा में घुस गया था .सरबजीत के परिवार ,उनके वकील और मानवाधिकार कार्यकर्ताओं के द्वारा दया की कई अपीलें की गई ,पर स्थिति ज्यो की त्यों रही .

पाकिस्तानी सरकार ने सारे कयासों को झुठलाते  हुए इस बात को साफ़ तौर  पर कहा है की सरबजीत की सजा में कोई कमी नहीं की गयी है ,न ही राष्ट्रपति जरदारी ने सरबजीत की रिहाई का फैसला लिया है .इस सम्बन्ध में पाकिस्तान सरकार का तर्क है की सरबजीत अपने बयान  में अपना अपराध बहुत पहले कबूल कर चुका   है .

अगर ये बाते सच भी हो तो सवाल ये है की सरबजीत के  परिजनों के साथ ये  मजाक क्यों किया गया ,मीडिया और भारत सरकार को क्यों गुमराह किया गया .अपनी सफाई में पाकिस्तान अब चाहे  जो कह रहा हो पर ये मामला वहाँ की सरकार  की स्वायत्तता पर एक सवालिया निशान जरूर खड़ा करता है .पाकिस्तान सरकार के  असली हुक्मरान कोई और ही है ,जो संसद से बाहर  बैठ कर सरकार के फैसलों और नीतियों को प्रभावित करते है .पाकिस्तान में कट्टरपंथी ताकतों का सदा से बोल बाला रहा है .अब उसमे एक नाम और जुड़ गया है -आई एस आई का. सेना भी सरकारी कामकाज में पर्याप्त दखल और दिलचस्पी रखती है .सरकार की असली  नकेल इन्ही के हाथो में होती है .

इसमें जरा भी हैरानी नहीं होनी चाहिए की जब पाकिस्तान सरकार ने सरबजीत की रिहाई के फैसले को मीडिया के सामने पेश किया तो ये ताकते खुल कर विरोध में आ गई ,और नतीजा ये कि  सरकार को अगले 6 घंटे में ही अपना फैसला बदलना पड़ा और बोलने में लगभग एक जैसे नाम वाले उस भारतीय कैदी की रिहाई की घोषणा  करनी पड़ी ,जिसकी सजा 2004 में ही पूरी हो गई थी.

पकिस्तान ने उग्र राष्ट्रवाद की एक और मिसाल पेश की है .वहाँ की कुछ नियामक गैर सरकारी संस्थायों ने राजनीती और विदेशनीति में मानवीय पक्ष को एक बार फिर  दरकिनार किया है .